अलविदा 2019: ‘डार्क हार्स’ साबित हुईं ये फ़िल्में, बॉक्स ऑफ़िस पर किया सबको हैरान

0
115

नई दिल्ली : साल 2019 अब अपनी मंज़िल पर पहुंचने वाला है। सिनेमा के लिए इस साल का सफ़र अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। इस लंबे सफ़र में कई उतार-चढ़ाव देखने को मिला। इस साल कई ऐसे फ़िल्में आईं, जो बॉक्स ऑफ़िस पर डार्क हार्स साबित हुईं। इन्होंने उम्मीद से ऊपर जाकर कमाल का प्रदर्शन किया। दर्शकों ने इन फ़िल्मों को सिर-आंखों पर बिठाया। आइए जानते हैं-

1.द ताशकंद फाइल्स- लीक से हटकर फ़िल्में बनाने वाले डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री इस साल एक और नई फ़िल्म लेकर आए। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के ऊपर बनी इस फ़िल्म में नसीरुद्दीन शाह, मिथुन चक्रवर्ती और पकंज त्रिपाठी जैसे दमदार एक्टर मौजूद थे। करीब 4 करोड़ के लो बज़ट में बनी इस फ़िल्म का कुछ ख़ास प्रमोशन नहीं हुआ था। इसके बावजूद फ़िल्म ने बॉक्स ऑफ़िस पर करीब 17.21 करोड़ का बिजनेस किया।

2.ड्रीम गर्ल- आयुष्मान खुराना बॉक्स ऑफ़िस के किंग है, इस बात को साल 2019 ने साबित किया। इस बार उनकी सभी फ़िल्मों में शानदार बिज़नेस किया। ड्रीम गर्ल भी इस साल रिलीज़ हुई। इस फ़िल्म को लेकर दर्शकों और विश्लेषकों को भी उम्मीद थी। लेकिन फ़िल्म औसत से अधिक कमाई कर गई। लो बज़ट में बनी इस फ़िल्म ने 142.26 करोड़ का बिज़नेस किया। आयुष्मान के करियर की सबसे बड़ी हिट साबित हुई।

3.छिछोरे- साजिद नाडियाडवाला के लिए भी यह साल शानदार रहा। उन्होंने दो हिट फ़िल्में दीं। इनमें सबसे ख़ास रही छिछोरे। सुशांत सिंह राजपूत और श्रद्धा कपूर की इस फ़िल्म से ट्रेड विश्लेषकों को औसत कमाई की उम्मीद थी। करीब 65 करोड़ में बनी इस फ़िल्म ने बॉक्स ऑफ़िस पर धमाल मचाया। फ़िल्म 150 करोड़ का अंकाड़ा पार कर गई।

4.आर्टिकल 15- आयुष्मान खुराना की एक और बेहतरीन फ़िल्म आर्टिकल 15 भी इस साल आई। अनुभव सिन्हा की इस फ़िल्म के मुद्दे और डार्कनेस को देखकर लग रहा था कि यह औसत कमाई करेगी। लो बज़ट की इस फ़िल्म ने सबको चौंकाया। फ़िल्म ने बॉक्स ऑफ़िस पर 65.45 करोड़ का बिजनेस किया। इस फ़िल्म के बाद मेकर्स को ऐसे मुद्दे पर फ़िल्म बनाने की हिम्मत जरूर आएगी।

5.लुका छुपी- कार्तिक आर्यन की फेम प्यार का पंचनामा के बाद बढ़ गई थी। इस साल उनकी पहली फ़िल्म लुका छुपी आई। कृति सनोन और कार्तिक आर्यन की इस कॉमेडी फ़िल्म से विश्लेषकों का ज्यादा उम्मीद नहीं थी। करीब 25 करोड़ में बनी इस फ़िल्म ने 83.45 करोड़ का बिज़नेस किया।

6.वॉर- रितिक रोशन और टाइगर श्रॉफ़ की वॉर इस साल सबसे बड़ी हिट साबित हुई। लेकिन यह भी बॉक्स ऑफ़िस के लिए डार्क हार्स साबित हुई। फ़िल्म में बड़े सितारे थे, लेकिन प्रमोशन कुछ ख़ास नहीं हुआ था। ट्रेड विश्लेषकों का अनुमान था कि फ़िल्म ठीक ठाक कमाई करेगी। लेकिन वॉर ने जब बॉक्स ऑफ़िस पर रफ़्तार पकड़ी, तो रूकने का नाम ही नहीं लिया। फ़िल्म 317 करोड़ का बिज़नेस कर लिया।