जबलपुर। CAA Protest in Jabalpur शहर में हिंसक प्रदर्शन की खबर से चिंतित मुख्यमंत्री कमलनाथ ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र से दो मंत्रियों तरुण भनोत, लखन घनघोरिया व विधायक संजय यादव को विशेष हेलिकॉप्टर से भोपाल से जबलपुर भेजा। शुक्रवार रात करीब 8 बजे पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने पुलिस कंट्रोल रूम में संभागायुक्त रविन्द्र मिश्रा, पुलिस महानिरीक्षक विवेक शर्मा, डीआईजी भगवत सिंह चौहान, कलेक्टर भरत यादव, पुलिस अधीक्षक अमित सिंह के साथ बैठक कर यह जानने का प्रयास किया कि शांति भरे माहौल में अचानक किसने विष घोल दिया।
जनप्रतिनिधियों ने मीडिया से बातचीत में कहा कि देश व प्रदेश में संस्कारधानी जबलपुर को शांति का टापू कहा जाता है, इसलिए हर हाल में गंगा जमुनी संस्कृति बनी रहे। वित्त मंत्री तरुण भनोत ने कहा कि शहर में अचानक जो परिस्थितियां निर्मित हुईं, प्रशासन व पुलिस ने अच्छा कार्य किया। प्रदेश व संस्कारधानी की तहजीब मिलजुल कर रहने की है। इसलिए कोई भी ऐसी घटना न होने पाए कि शहर कलंकित हो। चंद लोग जो शांति व्यवस्था को बिगाड़ रहे हैं वे जल्द बेनकाब होंगे। उनके हिंसक प्रदर्शन को सरकार ने गंभीरता से लिया है। वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री को जन भावनाओं की कद्र है। इसलिए उन्होंने नागरिकता कानून प्रदेश में लागू न करने के निर्देश दिए हैं, लिहाजा शांति बनाए रखें।
सामाजिक न्याय मंत्री लखन घनघोरिया ने कहा कि संविधान में सभी को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता दी गई है। लेकिन कुछ तत्व शहर के अमन चैन को बर्बाद करने पर तुल गए हैं। ऐसे हालात में प्रशासन व पुलिस ने सराहनीय कार्रवाई की। मंत्री घनघोरिया ने बताया कि मुख्यमंत्री कह चुके हैं कि प्रदेश में नागरिकता कानून लागू नहीं होगा, इसलिए एक वर्ग विशेष को यह ध्यान रखते हुए संस्कारधानी का अमन चैन बरकरार रहना चाहिए कि यहां दशहरा व मोहर्रम के जुलूस एक साथ निकलते हैं। इधर, कंट्रोल रूम से रवाना हुए जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने कर्फ्यूग्रस्त क्षेत्रों का जायजा लिया।
शहर के नागरिक शांति व्यवस्था बनाए रखने में करें सहयोग : विवेक तन्खा
राज्यसभा सदस्य विवेक कृष्ण तन्खा ने संस्कारधानी जबलपुर की जनता से शांति-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि जबलपुर हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब के लिए चर्चित रहा है। इसलिए विभिन्न् धर्मावलंबियों का दायित्व है कि वे परस्पर सद्भाव बनाए रखकर आदर्श प्रस्तुत करें। जिला प्रशासन व पुलिस की ओर से उठाए जा रहे कदम अमन-चैन कायम रखने से संबंधित हैं, अत: नागरिकों को उनका साथ देना चाहिए। अफवाहों को दरकिनार कर सभी समझदारी का परिचय दें। शहर के विभिन्न् संगठनों की ओर से भी इसी तरह की अपीलें जारी की गई हैं। सभी की ओर से जबलपुरवासियों को शहर की मूल पहचान के अनुरूप भाईचारे का आदर्श प्रस्तुत करने प्रेरित किया गया है। इंटरनेट सेवाएं बतौर एहतियात बंद किए जाने को सुविधाभंग के स्थान पर हिफाजत की दृष्टि से लेकर सहयोग करने पर बल दिया गया है। कांग्रेस नेता साबान मंसूरी ने ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
भ्रम के वातावरण से दूर रहते हुए शांति कायम रखें : राकेश सिंह
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने देश में नागरिक संशोधन कानून के खिलाफ फैलाए जा रहे भ्रम के वातावरण से दूर रहते हुए शांति और सौहार्द कायम रखने की अपील नागरिकों से की है। उनका कहना है कि इस कानून से किसी तरह किसी भी व्यक्ति की नागरिकता समाप्त नहीं हो रही है। उन्होंने जबलपुर सहित प्रदेश के सभी नागरिकों से भाईचारे की मिसाल पेश करने कहा है।