रायपुर. पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती 20 अगस्त पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ के किसानों, तेंदूपत्ता संग्राहकों और गोबर विक्रेताओं के खाते में 1737.50 करोड़ रुपए की राशि का सीधे अंतरण करेंगे। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में यह कार्यक्रम दोपहर 12.30 बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल के सदस्य उपस्थित रहेंगे।
छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उइके ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें नमन किया है। राज्यपाल ने कहा है कि राजीव गांधी देश को उच्च तकनीक से परिपूर्ण करने की आकांक्षा रखते थे। उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत बनाने के साथ ही देश में संचार क्रांति, कम्प्यूटर क्रांति और 18 वर्ष के युवाओं को मताधिकार देने जैसे अभिनव पहल की।
सीएम भूपेश बघेल ने आधुनिक भारत के स्वप्नदृृष्टा राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें नमन किया है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में देश की बागडोर संभाली। उन्होंने अपने कार्यों से 21वीं सदी के आधुनकि भारत की नींव रखी।