नई दिल्ली। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि इसमें मानव संसाधन पर विशेष ध्यान दिया गया है। मोदी सरकार के उठाए कदमों से लोगों की क्रय शक्ति और न्यूनतम मजदूरी बढ़ी है। रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। स्किल इंडिया अभियान के तहत विज्ञान और तकनीक को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी पहल के तहत जल्द ही इंजीनियरिंग व मेडिकल की पढ़ाई भारतीय भाषाओं में होगी।
धमेंद्र प्रधान शुक्रवार को यहां दिल्ली भाजपा की तरफ से आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हजारों साल पहले बने मंदिरों में जिस तरह की निर्माण तकनीक का इस्तेमाल किया गया, वह आज भी अनूठी है। इस तकनीक के जानकार कारीगर भारतीय भाषाओं में प्रशिक्षित थे। भारतीय भाषाओं में इंजीनियरिंग की पढ़ाई से प्रतिभाएं आगे आएंगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बजट में किए गए प्रविधानों से देश में निवेश को बढ़ावा मिलेगा जिससे देशवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने दिल्ली विकास प्राधिकरण को 7,700 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। इसके साथ ही मेट्रो फेज-चार, रिंग रोड, सीवरेज प्रणाली को बेहतर करने के परियोजनाओं से युवाओं को रोजगार मिलेंगे।