बॉलीवुड अभिनेता फरहान अख्तर चाइल्ड अब्यूज के शिकार बच्चों की मदद के लिए आगे आए हैं। हाल ही में वह कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रेन्स फाउंडेशन से जुड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि बच्चों के लिए चलाया जा रहा ये अभियान 21 मार्च से शुरू होकर 1 साल तक चलेगा। इसमें पीड़ित बच्चों को समय पर न्याय दिलाने के साथ कई तरह से सहायता दी जाएगी। फरहान अख्तर ने बाल यौन शोषण को राष्ट्रीय आपातकाल बताया और कहा, ‘भारत में हर घंटे तीन बच्चों का बलात्कार होता है और पांच बच्चे यौन उत्पीड़न के शिकार होते हैं। उन्हें न्याय के लिए लम्बा संघर्ष करना पड़ता है, जो उन्हें जीवनभर कष्ट देने का काम करता है’।
ये फाउंडेशन ‘जस्टिस फॉर एवरी चाइल्ड’ अभियान चलाने जा रहा है। इस अभियान के लिए फरहान अख्तर को ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया है। इस अभियान के तहत यौन शोषण के शिकार बच्चों को न्याय दिलाने में मदद की जाएगी। फरहान ने इस अभियान के बारे में खुद जानकारी दी है। इस दौरान उन्होंने बताया है कि आज के समय में ऐसी पहल की देश को किस कदर जरूरत है।
उन्होंने कहा, ‘यह एक राष्ट्रीय आपातकाल है और भारत के बच्चों को हमारी मदद की आवश्यकता है। ऐसे में ‘जस्टिस फॉर एवरी चाइल्ड’ मुहिम में कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रेन्स फाउंडेशन से जुड़कर हम सब को इस लड़ाई को आगे बढ़ाना चाहिए’।
‘जस्टिस फॉर एवरी चाइल्ड’ अभियान का लक्ष्य देश के 100 संवेदनशील जिलों में पॉक्सो ऐक्ट के तहत चल रहे कम से कम 5000 मामलों में बच्चों को तय समय में तुरंत न्याय दिलाना है। इस दौरान केएससीएफ बच्चों को कानूनी और स्वास्थ्य सुविधाएं, पुनर्वास, शिक्षा और कौशल विकास के अवसरों की सुविधाएं प्रदान करेगा। ये फाउंडेशन बाल यौन शोषण के पीड़ितों और उनके परिवारों को विशेष रूप से मानसिक स्वास्थ्य सहायता भी संगठन मुहैया कराएगा।