भाजपा के बस्तर चिंतन में ‘विजय छत्तीसगढ़’ पर होगा मंथन

0
169

रायपुर।छत्तीगसढ़ में विधानसभा चुनाव को करीब ढाई साल बचे हैं। इससे पहले भाजपा अपनी खोई हुई जमीन को मजबूत करने में जुट गई है। बस्तर चिंतन से भाजपा अपने चुनावी अभियान की शुरुआत कर रही है। 15 साल सत्ता में रहने के बाद एक बार फिर से सत्ता में वापसी के लिए भाजपा संगठन ने कोशिश शुरू कर दी है। बस्तर चिंतन में ‘विजय छत्तीसगढ़” को लेकर महत्वपूर्ण मंथन होगा। भाजपा के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में कांग्रेस सरकार को जवाब देने की रणनीति बनाई जाएगी। 31 अगस्त से जगदलपुर में होने वाले चिंतन शिविर को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष मार्गदर्शन करेंगे।

बैठक में करीब 60 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इसके लिए होटल अविनाश इंटरनेशनल में आवास और बैठक की तैयारियां पूरी कर ली गई है। इससे पहले वर्ष 2003 में भी भाजपा ने विजय छत्तीसगढ़ अभियान की शुरुआत बस्तर से की थी। उस समय बस्तर का एक होटल आकांक्षा राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बिंदु बना था। यहां भाजपा के तत्कालीन प्रदेश प्रभारी राजनाथ सिंह के नेतृत्व में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक बुलाई गई थी। यहीं से सत्ता प्राप्ति के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसमें भाजपा सफल हुई थी।

उस दौर में बस्तर के वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व सांसद बलीराम कश्यप ने अतिथियों का जो स्वागत किया था, उसे आज भी भुलाया नहीं जा सकता। प्रमुख रणनीतिकार लखीराम अग्रवाल सहित तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष डा. रमन सिंह, रमेश बैस, दिलीप सिंह जूदेव जैसे दिग्गजों ने जो व्यूह रचना बनाई थी, उसी से कांग्रेस के किला को भेदा गया था। इससे पहले वर्ष 2018 में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बस्तर में आयोजित की गई थी।

छत्‍तीसगढ़ प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने ली बैठक
बस्तर चिंतन की तैयारियों को लेकर प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय बस्तर में ही कैंप कर रहे हैं। चिंतन बैठक की तैयारियों को लेकर बस्तर के भाजपा कार्यालय में उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की। बैठक में अतिथियों के स्वागत से लेकर बस्तर चिंतन की तैयारियों पर बिंदुवार चर्चा की गई। इस बैठक में प्रदेश महामंत्री नारायण चंदेल, भूपेंद्र सवन्नी, किरण देव सहित पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद थे।

30 अगस्त से पहुंचेंगे आमंत्रित पदाधिकारी
बस्तर मंथन में 30 अगस्त से ही आमंत्रित पदाधिकारियों के जगदलपुर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। 31 अगस्त से दो सितंबर तक आयोजित बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी, सह प्रभारी नितिन नबीन, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक सहित सांसद, विधायक और आमंत्रित पदाधिकारी शामिल होंगे।