बीजेपी और कांग्रेस के बड़े नेता रोजाना पहुंच रहे भिलाई; नेताओं ने जमाया डेरा, झोंकी ताकत वार्डों में सजने लगी राजनीतिक बिसात

0
152

नामांकन की प्रक्रिया समाप्त होते ही भारतीय जनता पार्टी ने चारों निकायों भिलाई, रिसाली, भिलाई-चरोदा नगर निगम और जामुल नगर पालिका के पार्टी के उम्मीदवारों को एकजुटता का पाठ पढ़ाया। उनसे कहा गया कि निकाय चुनाव में एक-एक वोट कीमती है। अत: सभी मिलकर चुनाव लड़ें। जितना संभव हो सके बागी प्रत्याशियों को अपने पक्ष में आने के लिए मनाएं।

उनसे आग्रह करें। फिर भी ना मानें तो भी उनके खिलाफ कोई बयानबाजी न करें। सिर्फ चुनाव में ध्यान दें। एक-एक मतदाता तक पहुंचें। इसी उद्देश्य से बुधवार की सुबह छत्तीसगढ़ प्रभारी डी पुरंदेश्वरी भिलाई आईं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिरसा गेट में उनका स्वागत किया। इसके बाद सभी नेता नेहरू चौक स्थित एक होटल पहुंचे। यहां बारी-बारी से चारों निकायों के प्रत्याशियों को बुलाया गया। सबसे पहले रिसाली नगर निगम के उम्मीदवारों की बैठक हुई। इसके बाद भिलाई नगर निगम के उम्मीदवारों को बुलाया गया। फिर जामुल के पार्टी के प्रत्याशी आए। आखिरी में भिलाई-चरोदा नगर निगम के प्रत्याशियों की बैठक ली गई। उम्मीदवारों को छत्तीसगढ़ प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने कहा कि एक-एक मतदाता तक जाएं। हमारे लिए एक-एक वोट कीमती है। अत: उसका महत्व समझें और सभी को साथ लेकर काम करें। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, संगठन महामंत्री पवन साय, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, सांसद विजय बघेल, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, प्रेम प्रकाश पांडेय, शिवरतन शर्मा, प्रदेश महामंत्री भूपेंदर सिंह सवन्नी, किरण देव, विद्यारतन भसीन, संतोष बाफना प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, पवनदेव साय, राकेश पांडेय सहित अन्य मौजूद थे।

प्रभारी मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोहम्मद अकबर, गृहमंत्री ताम्रध्वज ने सेक्टर-5 में नेताओं के साथ चर्चा की
कांग्रेस के बड़े नेताओं की बुधवार शाम 5 घंटे की मैराथन बैठक हुई। इसमें चारों निकायों के प्रत्येक वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों की स्थिति का आंकलन किया गया। कांग्रेस की अपनी सर्वे रिपोर्ट के आधार पर देखा गया कि किस वार्ड में प्रतिद्वंद्वी मजबूत हैं तो किस वार्ड में बागी। कहां पर कांग्रेस की स्थिति मजबूत है। इसी आधार पर आने वाले दिनों में प्रचार करने और बड़े नेताओं की सभाएं आयोजित करने पर विचार विमर्श किया गया। इसके लिए भिलाई, रिसाली, भिलाई-चरोदा और जामुल के प्रत्येक वार्ड की रिपोर्ट ली गई।

यह भी देखा गया कि पार्टी बहुमत जुटाने के लिए कहां क्या कमी रह गई है, उसे समय रहते किस तरह पूरा किया जा सकता है।विधायक देवेंद्र यादव के निवास में जिले के प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, चुनाव प्रभारी गिरीश देवांगन, जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, विधायक देवेंद्र यादव, राजेंद्र साहू, अटल श्रीवास्तव की बैठक हुई। इसमें सभी मंत्रियों और पदाधिकारियों ने हर दिन मिल रहे रिपोर्ट को सामने रखा। इसमें देखा गया कि कांग्रेस और भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर कहां-कहां बागी प्रत्याशी मैदान में हैं। उससे पार्टी को कितना और कहां-कहां फायदा हो रहा है और कहां-कहां हानि होने की संभावना है। इसके आधार पर कार्यकर्ताओं को बागियों को पहले मनाने की जिम्मेदारी देने का प्रस्ताव बनाया गया। उसकी जानकारी भी सोशल मीडिया समेत अन्य माध्यमों से उन तक पहुंचाई जा रही है। साथ ही आने वाले दिनों में पार्टी के बड़े नेताओं की सभाएं, रैलियां और अन्य कार्यक्रम कराने की भी रूपरेखा तैयार की गई। रात करीब 9 बजे तक बैठक चली। इसमें हर वार्ड पर चर्चा की गई। सभी निकायों के प्रभारी भी मौजूद थे।