छत्‍तीसगढ़ में भाजपा बोली- बजट देश की आर्थिक महाप्रगति का संकल्प पत्र

0
173

रायपुर। केंद्रीय बजट को छत्तीसगढ़ भाजपा ने आर्थिक महाप्रगति का संकल्प पत्र बताया है। भाजपा नेताओं ने कहा कि आर्थिक स्वावलंबन की परिकल्पना को साकार करने वाले बजट से देश के आत्मनिर्भर सर्वांगीण विकास के अनेक रास्ते खुलेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्रीय बजट देश की आवश्यकताओं और आर्थिक विकास को ध्यान में रखकर बनाया गया है।

यह बजट ग्रोथ ओरिएंटेड है और देश की आर्थिक प्रगति को केंद्र में रखा गया है। इसमें राजनीतिक फायदे उठाने का राजनीतिक चातुर्य दिखाने की बजाय हर वर्ग को फायदा पहुंचाने की झलक दिख रही है। बजट जहां रोजगार के नए अवसर मुहैया कराने की गारंटी दे रहा है, वहीं ढांचागत विकास और निवेश पर जोर देने वाला है।
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि ये बजट किसानों, मजदूरों और गरीबों के जीवनस्तर को ऊपर उठाने वाला सिद्ध होगा। केंद्र सरकार ने 25 सालों के लिए विकास का ब्लू प्रिंट देश के सामने रखा है। बुनियादी जरूरतों की चीजों को सस्ता करके केंद्र सरकार ने देश के लोगों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया है।

राज्यों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता बढ़ाकर एक लाख करोड़ रुपये करना केंद्र सरकार के संवेदनशील नेतृत्व और देश के सभी राज्यों के समुचित विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को व्यक्त करने वाला है।
किसानों को मजबूती, युवाओं में भरोसा जगाने वाला बजट: रमन
केंद्रीय बजट पर पूर्व मुख्यमंत्री डा रमन सिंह ने कहा कि बजट में राष्ट्र पहले, किसानों की आय दोगुनी करने और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस किया गया है। बजट गरीबों को मजबूत बनाएगा और युवाओं के लिए बेहतर भविष्य का श्रृजन करेगा। बजट के चार स्तंभ प्रोडक्टिविटी, क्लाइमेट, गति प्रोजेक्ट और फाइनेंस है।

प्रधानमंत्री आवास योजना में देशभर में 80 लाख मकान बनाए गए, लेकिन छत्तीसगढ़ का दुर्भाग्य है कि राज्य सरकार ने अपना योगदान नहीं दिया। इससे गरीबों को आवास नहीं मिल पाया। राज्य सरकार यहां-वहां से पैसे मांगती है, लेकिन प्रावधान के तहत केंद्र सरकार से मदद मिल सकती है। लेकिन शर्त है कि यह पैसे प्रदेश की अधोसंरचना पर खर्च करने हैं, न कि गोबर खरीदी जैसे काम में।

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि किसानों की वित्तीय सहायता बढ़ाने का प्रविधान करके देश के अन्‍नदाताओं का सम्मान बढ़ाया गया है।
युवा पीढ़ी में आई विश्वास की नई रोशनी
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू ने कहा कि रोजगार के नए अवसरों का सृजन करने का संकल्प व्यक्त करके देशभर की युवा पीढ़ी को उम्मीदों और विश्वास की नई रोशनी दिखाई है।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा कि पांच राज्यों में हो रहे चुनाव के बीच यह बजट इसलिए भी क्रांतिकारी माना जाएगा कि केंद्र सरकार ने किसी तरह की लोक-लुभावन घोषणा से इस बजट को पूरी मुक्त रखा है। एक जिम्मेदार सरकार होने के नाते केंद्र ने अब तक देश की ठोस आर्थिक प्रगति के जो आयाम गढ़े हैं, उन्हें यह बजट एक नई ऊंचाई प्रदान करेगा।