भोपाल । Coronavirus Bhopal Update मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी शारीरिक दूरी बनाए रखने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए तमाम तरह के उपाय किए जा रहे हैं। इनमें शारीरिक दूरी सर्वोत्तम उपाय है। उन्होंने प्रभावशाली ढंग से शारीरिक दूरी शब्द का प्रयोग किया। अभी तक सोशल डिस्टेंसिंग का प्रयोग किया जाता रहा है।
दैनिक जागरण समूह ने सोशल डिस्टेंसिंग शब्द के प्रयोग को खारिज करते हुए फिजिकल डिस्टेंसिंग यानी शारीरिक दूरी शब्द के लिए अभियान चलाया है। इस अभियान की बुद्धिजीवियों ने सराहना की है।
लोगों ने शारीरिक दूरी शब्द अपनाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत समेत कई बड़ी हस्तियों ने भी इसकेप्रयोग पर जोर दिया है। अब धीरे-धीरे सोशल डिस्टेंसिंग की जगह शारीरिक दूरी शब्द चलन में आ गया है।
शिवराज सिंह चौहान ने दैनिक जागरण के सहयोगी प्रकाशन नईदुनिया से बातचीत में कहा कि कोरोना जल्द खत्म हो, इसके लिए सब मिलकर प्रयास कर रहे हैं। सबसे बड़ा उपाय शारीरिक दूरी है। प्रधानमंत्री ने शारीरिक दूरी शब्द का प्रयोग किया और कहा कि तीन चीजें जरूरी हैं। एक तो दो गज की शारीरिक दूरी, दूसरा मास्क पहनना और तीसरा भीड़ न जुटाना। जीवन शैली में अब दूरी से बातचीत करने की आदत बनानी होगी। हाथ मिलाना, गले लगना हमारे लिए खतरनाक हो सकता है। अब शारीरिक दूरी बनाए रखते हुए हमें स्नेह प्रदर्शित करना होगा।