मॉस्को। रूस में कोरोना वायरस से स्थित अब बिगड़ने लगी है। रूस में पिछले चौबीस घंटों में संक्रमण के करीब छह हजार नए मामले सामने आए हैं। इनसे देश में संक्रमित मरीजों की संख्या एक लाख के करीब (99,939) पहुंच गई है। चौबीस घंटों में 108 लोगों की मौत के बाद देश में कोरोना महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या 972 हो गई है। मृतकों में आधी संख्या राजधानी मॉस्को के निवासियों की है। बिगड़ते हालात के कारण मंगलवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने लॉकडाउन को दो सप्ताह बढ़ाने का एलान किया।
राष्ट्रपति पुतिन ने देशवासियों को चेतावनी देते हुए कहा, ‘स्थिति बहुत गंभीर है। देश में महामारी का चरम आना अभी बाकी है। फिलहाल हम संक्रमण के सबसे तेज चरण का सामना कर रहे हैं।’ पुतिन ने मार्च के आखिर में लॉकडाउन का एलान किया था, जिसके प्रथम चरण की मियाद गुरुवार को पूरी होनी थी। रूस में मृतकों की तादाद भले कम हो, लेकिन संक्रमित मरीजों के मामले में उसने चीन और ईरान को पीछे छोड़ दिया है। दूसरी ओर यूरोपीय देश स्पेन में पिछले चौबीस घंटों में 325 लोगों की मौत हुई। एक दिन पहले 301 लोगों की मौत हुई थी।
स्पेन में महामारी से 24 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। संक्रमित मरीजों की संख्या दो लाख 32 हजार से ज्यादा हो गई है। स्पेन से ज्यादा संक्रमण के मामले सिर्फ अमेरिका में हैं। प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने मंगलवार को लॉकडाउन से बाहर आने की योजना जनता के सामने रखी। पेश योजना के मुताबिक लोग शनिवार से एक्सरसाइज के लिए बाहर जाने के साथ ही बाल कटाने और दूसरी व्यक्तिगत सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे। ज्यादातर स्थानों पर दुकानें 11 मई को खुलेंगी, लेकिन आउटडोर कैफे और बार एक तिहाई कर्मचारियों के साथ काम करने के लिए स्वतंत्र होंगे।