भोपाल । बंगाल में मुख्य विपक्षी दल के तौर पर उभरी भाजपा के कार्यकर्ताओं पर ममता सरकार के संरक्षण में बदले की भावना से हिंसात्मक कार्रवाई की जा रही है। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कही। वे मंगलवार को प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं को ‘सुलगता बंगाल, क्या हिंसा ही है समाधान” विषय पर प्रदेश भाजपा कार्यालय से वर्चुअल रूप से संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा भी शामिल हुए।
भाजपा देशभर के कार्यकर्ता एवं प्रबुद्धजनों को वहां की स्थिति से अवगत करा रही है। कार्यक्रम से केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, थावरचंद गेहलोत, फग्गनसिंह कुलस्ते, प्रल्हाद पटेल, राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह, समस्त सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी के साथ प्रदेशभर से प्रमुख कार्यकर्ता एवं प्रबुद्धजन जुड़े।
वहीं प्रदेश कार्यालय में प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, सह संगठन महामंत्री हितानंद, रघुनंदन शर्मा, प्रभात झा, मंत्री गोपाल भार्गव, डॉ. नरोत्तम मिश्रा, विश्वास सारंग आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम में शिवप्रकाश ने बंगाल की स्थितियों को लेकर कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्धजनों के सवालों के जबाव भी दिए।