नई दिल्ली। मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ खुले। सेंसेक्स में 2.21 फीसद यानी 629.37 अंकों का उछाल देखा गया और यह 29,069.69 पर कारोबार कर रहा था। सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 29 बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। सिर्फ इंडसइंड बैंक के शेयरों में 10 फीसद की गिरावट देखी गई।
एनएसई का निफ्टी भी 2.41 फीसद की तेजी के साथ 8,480.95 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 49 में बढ़त देखी गई वहीं सिर्फ एक शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था।
निफ्टी में शामिल जिन शेयरों में सबसे अधिक तेजी देखी गई उनमें जेएसडब्ल्यू स्टील, एचडीएफसी, बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील और बजाज फाइनेंस शामिल हैं। वहीं इंडसइंड बैंक के शेयरों में एनएसई पर 7.92 फीसद की गिरावट दर्ज की गई।
प्री-ओपन कारोबार में निफ्टी और सेंसेक्स दोनों में 3 फीसद की तेजी देखी गई। निफ्टी 8,529.35 के स्तर पर था।
SGX Nifty 143.50 अंकों की तेजी के साथ कारोबार कर रहा था। इससे संकेत मिला था कि आज भारतीय शेयर बाजार उछाल के साथ खुलेंगे। सोमवार को अमेरिकी शेया बाजार भी बढ़त के साथ बंद हुए थे। डाउ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज 2.23 फीसद की बढ़त के साथ 22,118.98 के स्तर पर बंद हुआ था। एस एंड पी 500 भी 2.60 फीसद के उछाल के साथ बंद हुआ था।