रायपुर । प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव पर भाजपा के केंद्रीय संगठन की नजर है। इसमें नामांकन वापसी के बाद अब केंद्रीय संगठन ने प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी और सहप्रभारी नितिन नबीन को छत्तीगसढ़ भेजा है। नितिन मंगलवार को रायपुर पहुंच रहे हैं। वहीं पुरंदेश्वरी बुधवार सुबह रायपुर पहुंचेंगी। दोनों नेता नगरीय निकाय क्षेत्र के चुनाव संचालकों और चुनाव प्रभारियों के साथ मंथन करेंगे। बताया जा रहा है कि वे भिलाई में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
दरसअल, प्रदेश के चार नगर निगम में चुनाव है। इसमें बिरगांव, भिलाई, भिलाई चरौदा और रिसाली श्ाामिल हैं। भाजपा में सबसे ज्यादा विवाद की स्थिति भिलाई में है। उम्मीदवारों के नाम की घोषणा के बाद टिकट नहीं मिलने से नाराज महिला नेत्री ने भरी बैठक में कुर्सियां उछाल दी थीं। वहीं नामांकन वापसी के आखिरी समय में भिलाई के एक भाजपा पार्षद उम्मीदवार ने नामांकन वापस लेकर सबको चौंका दिया है।
पार्टी की अंदरूनी कलह की भनक लगने के बाद केंद्रीय संगठन ने आनन-फानन में पुरंदेश्वरी और नितिन को छत्तीसगढ़ भेजा है। दोनों नेता भिलाई में बागी नेताओं से चर्चा करेंगे और डैमेज कंट्रोल की कोशिश करेंगे। भिलाई नगर निगम कांग्रेस के कब्जे में है। वहीं भिलाई चरौदा में भाजपा की महापौर हैं। रिसाली में नगर निगम बनने के बाद पहली बार चुनाव हो रहा है।
बिरगांव नगर निगम में भले ही भाजपा के पार्षद कम थे, लेकिन पिछले चुनाव में पार्टी अपना महापौर बनवाने में सफल हो गई थी। इस बार पार्टी की कोशिश है कि चारों नगर निगम में ज्यादा से ज्यादा प्रत्याश्ाियों को जीत मिले। इसे लेकर पुरंदेश्वरी और नितिन चुनाव संचालकों के साथ मंथन करेंगे।