CM – यह मुठभेड़ नहीं युद्ध था, नक्सलियों को भी हुआ भारी नुकसान

0
101

रायपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (CM Bhupesh Baghel) ने नक्सली घटना (Bijapur Naxal Encounter) को मुठभेड़ नहीं, बल्कि युद्ध करार दिया है। उन्होंने कहा, चार घंटे तक आमने-सामने की लड़ाई चली है। दोनों तरफ से गोली-बारुद और राकेट लांचर का उपयोग हुआ है। हमारे जवान शहीद हुए, लेकिन हमारा समन्वय इतना मजबूत था कि जो जवान शहीद और घायल हुए उनको लेकर आए और हथियार भी साथ में लेकर आए। जो जवान शहीद हुए उनको नमन करता हूं। असम से लौटने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विवेकानंद हवाई अड्डे पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक लेकर ऑपरेशन के संबंध में चर्चा की। इसके बाद पत्रकारों से चर्चा कर सीधे घायल जवानों को देखने अस्पताल पहुंचे।

इससे पहले पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, यह आपरेशन संयुक्त रूप से हुआ। ये वो जगह है, जो नक्सलियों का गढ़ मानी जाती है। हमें वहां जाकर कैंप स्थापित करना था। इसलिए वे बौखलाएं हुए थे। इस वजह से वे छिपकर वार किए, लेकिन हमारे जवानों ने डटकर मुकाबला किया। वहीं नक्सलियों को भी भारी नुकसान हुआ है। हमको जो सूचना मिली है, उसके मुताबिक नक्सलियों ने घायल और मृतकों को ले जाने चार ट्रैक्टरों का उपयोग किए हैं। सोच सकते हैं कितनी बड़ी तादाद में नक्सलियों को नुकसान हुआ है।

चूक से किया इनकार
मुख्यमंत्री ने खुफिता तंत्र की चूक होने की बात को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, यह कैंप पर हमला नहीं है और ना ही लौटते समय हमला हुआ है, बल्कि हम उनको घेरने और कैंप स्थापित करने निकले थे। हम लगातार सुकमा, बीजापुर ओर दंतेवाड़ा की तरफ से बढ़ते जा रहे हैं और कैंप स्थापित कर रहे हैं। नक्सली अब 40 बाई 40 वर्ग किलोमीटर में सिमट कर रह गए हैं। यही उनकी बौखलाहट है। हमारा ऑपरेशन रुकेगा भी नहीं और कैंप इसी महीने स्थापित करेंगे। हमारा कैंप खुलने के बाद वे जो मांड़ एरिया में जाते थे, वो लॉक हो जाएगा। उनका दायरा सिमट जाएगा।

बहुत जल्दी होगा सफाया
एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा, मैं कोई राजनीतिक बात नहीं करता, लेकिन पहले कैंपों पर हमले होते थे। उन्हें घेर कर मारा नहीं जाता था। अब फ्रंट में आकर लड़ने की बात हो रही है। राज्य और केंद्र हम मिलकर लड़ाई लड़ रहे हैं। बहुत जल्दी उनका सफाया हो जाएगा। हम उनके मांद में जाकर लड़ाई लड़ रहे हैं। यह छोटी बात नहीं है। हमारे जवानों के हौसले बुलंद है।