अब सिर्फ एक क्लिक पर मिलेगी कोविड-19 से संबंधित जानकारी,सीएम भूपेश ने कवच एेप का किया शुभारंभ

0
249

रायपुर. प्रदेश के लोगों को अब एक क्लिक पर कोविड-19 से संबंधित जानकारी मोबाइल एेप के जरिए मिलेगी। इसके लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने निवास कार्यालय में कोरोना से संबंधित शासकीय परामर्श, आदेश और जानकारियों को तत्काल आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए कवच मोबाइल एेप का शुभारंभ किया। एेप को स्वास्थ्य विभाग और चिप्स के सहयोग से तैयार किया गया है।

इस एेप में राज्य के संदिग्ध और पुष्टि वाले कोरोना मामलों की जानकारी रियल टाइम पर डैश बोर्ड के माध्यम से आम जनता के लिए उपलब्ध रहेगी। इस एेप में कोविड-19 ई- पास के लिए आवेदन करने की सुविधा भी है। एेप से प्रदेशवासियों को अस्पताल और नोडल अधिकारियों का विवरण मिलेगा, साथ ही नागरिकों को उनके निवास के निकटतम अस्पताल की जानकारी भी मिलेगी, जहां मरीज किसी भी लक्षण की दशा में पहुंच सकते हैं। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

दान और फेक न्यूज की भी मिलेगी जानकारी
इसमें कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए आपातकालीन राहत कोष में दान करने की सुविधा, कोविड-19 से संबंधित शासकीय आदेश और कोरोना के लक्षणों की जांच और त्वरित स्व-जांच की जानकारी भी आसानी से मिल जाएगी। साथ ही कफ्र्यू पास, कोरोना के प्रति जागरूकता, यात्रा निर्देश, रोकथाम उत्पाद की जानकारी और फेक न्यूज की जानकारी भी मिलेगी।

लक्षणों की जांच के लिए बताएंगे उपाय
यह एेप लोगों को समय-समय पर लक्षणों की जांच करने के लिए उपाय बतायेगा और कोरोना लक्षण पाए जाने की दशा में लोगों को शासन द्वारा दी गई सलाह का पालन करने के लिए सूचित करेगा। साथ ही लोगों को आपातकाल में यात्रा पर जाने की दशा में पालन किए जाने वाले सभी आवश्यक यात्रा निर्देश भी बताए गए हैं। एेप में आवश्यक सामग्रियों की होम डिलीवरी सुविधा भी उपलब्ध है।