शराब पर भाजपा-कांग्रेस में घमासान, भाजपा ने ‘गंगाजलÓ याद दिलाया तो कांग्रेस बोली-सिर्फ दिखावा

0
118

रायपुर. शराब दुकान खोलने के प्रदेश सरकार फैसले के खिलाफ प्रदेश की सियासत गरमा गई है। भाजपा एक ओर कांग्रेस से शराबबंदी को लेकर गंगाजल की सौगंध याद दिला रही है तो कांग्रेस नेता भाजपा के विरोध को दिखावा बता रहे हैं। बुधवार को पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने जिलों में पत्रकारवार्ता लेकर शराब दुकान खोलने के फैसले को सरकार को कटघरे में खड़ा किया। बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव में पत्रकारवार्ता लेकर सरकार को जमकर कोसा। वहीं रायपुर में पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल व सांसद सुनील सोनी ने पत्रकारवार्ता ली। पूर्व आबकारी मंत्री अमर अग्रवाल और सांसद संतोष पाण्डेय ने कवर्धा में सरकार पर जमाकर निशाना साधा। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को इस बात पर आपत्ति थी कि पूर्ण शराबबंदी का वादाकर सत्ता में आने वाली सरकार कोरोना संक्रमण के विपरीत समय में शराब से पैसा कमाने में जुटी है। डॉ. रमन सिंह ने शराब दुकानों को खोले जाने के मामले में राज्य सरकार पर कडा़ प्रहार किया। उन्होंने कहा कि शराबबंदी के वादे के साथ सत्ता में आई कांंग्रेस सरकार ने ऑनलाइन शराब बेचकर सारी नैतिकता ताक पर रख दी। राजनांदगांव भाजपा कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि भाजपा शराब को लेकर पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन छेड़ेगी। उन्होंने कहा कि आंदोलन की रूपरेखा पार्टी स्तर पर तय की जाएगी। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में केन्द्र सरकार राज्य को हर स्तर पर मदद कर रही है लेकिन राज्य सरकार उपलब्ध संसाधनों का सही तरीके से उपयोग नहीं कर पा रही है। पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर में कहा, कोरोना संकट से लडऩे के राज्य सरकार के सारे दावे खोखले साबित हो गए है। इस महामारी में भी सरकार पैसे कमाने का जरिया ढूंढ रही है और शराब दुकानें खोलकर लॉकडाउन के सारे नियम-कानून की धज्जियां उड़वा कर कोरोना संक्रमण को निमंत्रण दे रही है। इस मौके पर सांसद सुनील सोनी ने कहा की केंद्र की मोदी सरकार किसी तरह का भेद राज्य सरकारों से नहीं करती। हर संभव सहायता सभी का करती है। छत्तीसगढ़ सरकार को भी केंद्र की मदद से विभिन्न मंदों के लगभग तीन हजार करोड़ मिले हैं। परंतु दिशाहीन राज्य सरकार कोई काम नहीं कर पा रही है। बिलासपुर में पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने कहा कि लॉक डाउन -3 के दौरान दी गई रियायत को प्रदेश सरकार केंद्र सरकार की अनुमति बता शराब दुकान खोलकर जनता को दिग्भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।

सारी नैतिकता ताक पर रख दी सरकार ने

पूर्ण शराबबंदी के वादे के साथ सत्ता में आई कांंग्रेस सरकार ने ऑनलाइन शराब बेचकर सारी नैतिकता ताक पर रख दी। इसके खिलाफ भाजपा बड़ा आंदोलन छेड़ेगी। डॉ.रमन सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री

भाजपा की तरह कांग्रेस सरकार भी जाएगी

शराबबन्दी न करने के कारण ही रमन सरकार गई थी। अब भूपेश नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार भी जाएगी। कांग्रेस ने जो वादा किया था वो नहीं निभा रही। इसलिए बघेल सरकार जनता का भरोसा खो चुकी है।

ननकी राम कंवर,विधायक

कांग्रेस बोली- सरकार अपना काम मजबूती से कर रही
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार में कानून अपना काम मजबूती से कर रही है। लचर कानून व्यवस्था रमन सरकार के बीते 15 साल की कहानी है। मोदी सरकार के गलत निर्णयों, मनमानी और हठधर्मिता का दुष्परिणाम पूरा देश भोग रहा है। बृजमोहन अग्रवाल की टिप्पणियों को कांग्रेस ने दिखावे का विरोध कहा है। कांग्रेस विधायक विकास तिवारी ने कहा,भाजपा के 15 साल के शासन में क्या शराब दुकान से लोगों को केम्पाकोला, मठा, बादाम मिल्क,ठंडाई पिलाया था क्या, जो अब दु:ख व्यक्त कर रहे हैं।