रायपुर । Chhattisgarh Dhan Kharidi बारदाना की कमी और धान खरीद केंद्र में अव्यवस्था को लेकर कई स्थानों पर किसानों के विरोध- प्रदर्शन के बाद खाद्य सचिव ने मंगलवार को स्थिति की समीक्षा की। सचिव ने अधिकारियों को प्रदेश के कुछ धान खरीद केंद्रों में बारदाना की कमी की शिकायत और किसानों को हो रही असुविधा का निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।
खाद्य सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने बताया कि कवर्धा जिले में 97 हजार बारदाना की पूर्ति की जा रही है। बिलासपुर में 25 हजार बारदाना भेज दिए गए हैं। कोंडागांव में आस-पास के जिलों से पूर्ति हो रही है। बेमेतरा जिले में 81 हजार नया और बिलासपुर में एक लाख 20 हजार बारदाना उपलब्ध है। खाद्य सचिव ने कहा कि प्रदेश के बहुत से जिलों में खरीदी पूरी हो चुकी है। वहां शेष बचे बारदानों को आवश्यकतानुसार अन्य केंद्रों को उपलब्ध कराया जाएगा।
केवल आज ही मिलेगा टोकन
खाद्य सचिव ने बताया कि टोकन 19 फरवरी तक जारी किया जाए। खरीद केंद्रों में लाए गए धान की तौलाई और इंट्री का काम 20 फरवरी तक अनिवार्य रूप से कर लिया जाए। उन्होंने नोडल अधिकारी को 20 फरवरी को खरीद केंद्रों में भ्रमण कर स्टाक का भौतिक सत्यापन करने को कहा है।
अंतिम दिन विशेष सतर्कता के निर्देश
खाद्य सचिव ने प्रदेश के सभी संभागायुक्तों, कलेक्टरों और अपैक्स बैंक के प्रबंध संचालक को पत्र भेज खरीद के अंतिम दिनों में व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि गत वर्षो में प्राय: देखा गया है कि अंतिम दिनों में केंद्रों में ज्यादा मात्रा में धान आने की संभावना होती है इस दौरान अवांछित तत्व अवैध रूप से धान खपाने का प्रयास करते हैं। सचिव ने इसे रोकने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।