रायपुर . नियमितीकरण की मांग को लेकर 19 सितंबर से हड़ताल पर गए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारी संघ ने हड़ताल खत्म करने का फैसला ले लिया है। रविवार को स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव से हड़तालियों के प्रतिनिधिमंडल ने मुकालात की। मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि वे काम पर लौटें। पत्रिका से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नियमितीकरण तो सरकार के घोषणा-पत्र में ही है।सूत्र बताते हैं कि लगातार सरकार के सख्त रवैये और कर्मचारी संघ में फूट पड़ती देख कर्मचारी संघ ने सोमवार से काम पर वापस लौटने का फैसला लिया है।
संघ के प्रांताध्यक्ष हेमंत सिन्हा ने बताया कि हमने अपनी मांग स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष रखी है। उन्होंने हमें आश्वास्त किया है कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। गौरतलब है कि पूरे 8 दिन हड़ताल पर रहने से शुरुआती दिनों में कोरोना से जुड़ी सेवाएं जैसे- सैंपलिंग और टेस्टिंग प्रभावित रही। इसके बाद सरकार ने कार्रवाई का फैसला लिया। प्रांताध्यक्ष हेमंत सिन्हा समेत 20 से अधिक कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया। 4 पर बस्तर संभाग में एफआईआर भी दर्ज करवाई गई। हेमंत सिन्हा ने कहा कि मंत्री के आश्वासन पर हम काम पर लौट रहे हैं। हम पर हुई सभी कार्रवाईयां शून्य कर दी जाएंगी।