रायपुर . बेरोजगार और कर्ज से परेशान युवक ने मुख्यमंत्री निवास के सामने बुधवार को आत्मदाह करने की चेतावनी देने से हड़कंप मच गया। इसकी जानकारी लगते ही पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी। बुधवार को सुबह करीब 5 बजे से ही सीएम हाउस के आसपास पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी। और लगातार पेट्रोलिंग कराई जा रही थी। शाम को पुलिस ने युवक को ढूंढ निकाला और उससे बातचीत की। उसे समझाया। उसकी काउंसलिंग की गई। इसके बाद युवक ने खुदकुशी का इरादा टाल दिया।
पुलिस के मुताबिक डीडी नगर इलाके में किराए के मकान में रहने वाला पूनमचंद साहू का कंप्यूटर ट्रेनिंग का काम करता था। लॉकडाउन लगने के कारण ट्रेनिंग देने का काम बंद हो गया। इससे प्रशिक्षण योजना चलाने वाले विभाग ने पैसा देना बंद कर दिया। इससे वह बेरोजगार हो गया।मकान का किराया भी नहीं दे पा रहा था। इससे परेशान होकर उसने दो दिन पहले मंत्रालय में एक लिखित शिकायत करते हुए सीएम हाउस के बाहर खुदकुशी करने की चेतावनी दी थी। इसका उसने फेसबुक में भी उल्लेख किया था। इसकी जानकारी होने पर पुलिस ने पूनमचंद की तलाश शुरू कर दी थी। उसके बारे में पता चलते ही उससे पुलिस अधिकारियों ने चर्चा की। पुलिस ने उसे उसकी समस्याओं से संबंधित विभागों में शिकायत करने के लिए कहा। अफसरों के समझाने और हरसंभव मदद का आश्वासन देने पर युवक ने खुदकुशी का इरादा टाल दिया। इसके बाद पुलिस युवक को उसके बताए अनुसार सिमगा छोडऩे गई। युवक से उसका लिखित में बयान लिया गया।
युवक की कुछ व्यक्तिगत समस्याएं थीं। उससे बातचीत की गई है। उन समस्याओं की शिकायतें संबंधित विभागों में करने के लिए कहा गया है। पुलिस ने सहानुभूतिपूर्वक उसकी समस्याएं सुनीं। और यथासंभव मदद करने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद युवक ने खुदकुशी का इरादा टाल दिया है।
आरके मिश्रा, टीआई, सिविल लाइन, रायपुर