Coronavirus in Bilaspur : बिलासपुर में तीन कोरोना मरीज हुए स्वस्थ, डॉक्टरों ने ऐसी विदाई

0
125

बिलासपुर। रायपुर एम्स के बाद बिलासपुर के संभागीय कोविड अस्पताल में भी कोरोना पीड़ितों के स्वस्थ होने का सिलसिला शुरू हो गया है। शुक्रवार को एक साथ जांजगीर-चांपा के तीन मरीजों को डिस्चार्ज करना एक बड़ी सफलता रही। इस मौके पर घर लौट रहे मरीजों के चेहरे तो खिले ही थे, उनका इलाज करने वाले डॉक्टरों भी काफी खुश दिखे। सीएमएचओ डॉ. प्रमोद महाजन के साथ अन्य डॉक्टर ने हाथ जोड़कर तीनों मरीजों को विदाई दी।

जांजगीर-चांपा के दो पुरुष व एक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर 15 मई को अस्पताल में भर्ती किया गया था। उपचार के बाद हालत में सुधार आने पर गुरुवार को तीनों मरीजों का दो-दो बार सैंपल लिया गया। दोनों ही बार रिपोर्ट नेगेटिव आई। इसके बाद उनके स्वास्थ्य की जांच की गई। उनमें कोई भी दूसरी समस्या नहीं मिली। डॉक्टरों ने इसकी जानकारी सिविल सर्जन डॉ. मधुलिका सिंह और सीएमएचओ डॉ. प्रमोद महाजन को दी। इस पर तीनों को डिस्चार्ज करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ सीएमएचओ भी वहां पहुंच गए। दोपहर में संजीवनी एक्सप्रेस 108 के माध्यम से उन्हें जांजगीर-चांपा के लिए रवाना किया। इस दौरान डॉक्टरों ने कहा कि अब तुम्हें यहां आने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
14 दिन रहेंगे आइसोलेट

सीएमएचओ डॉ. प्रमोद महाजन ने बताया कि तीनों घर पहुंच चुके हैं। अब इन्हें 14 दिन के लिए घर में आइसोलेट रहना होगा। इस दौरान हर दिन उनके स्वास्थ्य का अपडेट लिया जाएगा।

एक गंभीर मरीज को भेजा गया रायपुर

तखतपुर के कोरोना पॉजिटिव की हालत शुक्रवार की सुबह बिगड़ गई। उसे सर्दी-खांसी के साथ सांस लेने में भी तकलीफ हो रही थी। ऐसे में कोविड हॉस्पिटल से उसे रायपुर एम्स रेफर कर दिया गया। वहीं, सिम्स में भर्ती रहे महाराष्ट्र के भुसावल के एक पॉजिटिव मरीज को भी रायपुर एम्स भेजा गया। उसके सिर पर गंभीर चोट लगी है।

तीनों मरीज स्वस्थ हैं। खुशी-खुशी घर के लिए रवाना हुए हैं। यह हमारे लिए बड़ी उपलब्धि है। इस सफलता में जिला प्रशासन, नगर निगम तथा अस्तपाल के स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। – डॉ. मधुलिका सिंह, कोविड अस्पताल प्रभारी