नई दिल्ली। कोरोना वायरस पैनडेमिक के चलते 2020 में फ़िल्म इंडस्ट्री की रफ़्तार थम गयी थी। फ़िल्म उद्योग को करोड़ों की चपत लगी। अब 2021 में फ़िल्म इंडस्ट्री एक बार फिर पूरे दमख़म के साथ वापसी करने की तैयारी कर रही है। इसी क्रम में फ़िल्मों की रिलीज़ डेट घोषित करने की जा रही हैं।
यशराज फ़िल्म्स ने 2021 में सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली अपनी फ़िल्मों की लिस्ट जारी की है। ट्विटर पर साझा की गयी लिस्ट के मुताबिक सबसे पहले 19 मार्च को संदीप और पिंकी फरार थिएटर्स में आएगी। इस फ़िल्म में अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा मुख्य भूमिकाओं में हैं। फ़िल्म का निर्माण और निर्देशन दिबाकर बनर्जी ने किया है।
23 अप्रैल को बंटी और बबली 2 रिलीज़ होगी। इस फ़िल्म में सैफ़ अली ख़ान, रानी मुखर्जी और सिद्धांत चतुर्वेदी मुख्य किरदारों में दिखेंगे, जबकि शरवरी इस फ़िल्म से बॉलीवुड डेब्यू करेंगी। इस फ़िल्म का निर्देशन वरुण वी शर्मा ने किया है। फ़िल्म के निर्माता आदित्य चोपड़ा हैं।
रणबीर कपूर, वाणी कपूर और संजय दत्त की शमशेरा 25 जून को रिलीज़ होगी। 2018 में आयी संजय दत्त की बायोपिक संजू के बाद रणबीर इस फ़िल्म से बड़े पर्दे पर वापसी करेंगे। फ़िल्म का निर्देशन करण मल्होत्रा ने किया है। इस फ़िल्म के निर्माता आदित्य चोपड़ा ही हैं।
27 अगस्त को रणवीर सिंह की फ़िल्म जयेशभाई जोरदार सिनेमाघरों में पहुंचेगी। दिव्यांग ठाकुर निर्देशित फ़िल्म में रणवीर के साथ शालिनी पांडेय बमन ईरानी और रत्ना पाठक शाह मुख्य किरदारों में दिखेंगे। इस फ़िल्म के निर्माता मनीष शर्मा हैं। रणवीर की 83 भी इसी साल रिलीज़ होने वाली है।
5 नवम्बर को दिवाली पर पृथ्वीराज आएगी। डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी निर्देशित पृथ्वीराज इस साल की बहुप्रतीक्षित फ़िल्मों में शामिल है। फ़िल्म में अक्षय कुमार टाइटल रोल में दिखेंगे। वहीं, मानुषी छिल्लर फ़िल्म से बतौर एक्ट्रेस डेब्यू करेंगी। संजय दत्त और सोनू सूद भी अहम किरदारों में नज़र आएंगे। इस फ़िल्म के निर्माता आदित्य चोपड़ा हैं। पृथ्वीराज बॉक्स ऑफ़िस पर शाहिद कपूर की फ़िल्म जर्सी से भिड़ेगी। यशराज फ़िल्म्स की इस घोषणा के बाद यह साफ़ हो गया है कि बैनर की कोई फ़िल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर नहीं जाएगी।