भोपाल । मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई और कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक लक्ष्मण सिंह ने एक बार फिर अपनी ही सरकार के काम पर सवाल उठाकर मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। लक्ष्मण सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ मजबूर नहीं, मजबूत सीएम बनकर काम करें। उनके सरकार बचाने के प्रयासों के कारण प्रदेश में नीचे के स्तर पर काम दिखाई नहीं दे रहे हैं।
लक्ष्मण सिंह ने चांचौड़ा में पत्रकारों से चर्चा में कहा कि मनरेगा में काम नहीं हो रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की हालत खराब है। स्कूलों में शिक्षकों की कमी है। कॉलेजों में जनभागीदारी समितियां नहीं बनाई गई। सिंह ने मुख्यमंत्री कमलनाथ को कहा कि वे उक्त समस्याओं पर ध्यान न दें कि सरकार कब तक है। उन्होंने कहा कि सरकार जब तक है, तब तक अच्छा काम करें। हालांकि, उन्होंने अपने कथन को स्पष्ट करते हुए कहा कि वे चाहते हैं कि सरकार पांच साल चले। गौरतलब है कि लक्ष्मण सिंह अपने बयानों से कांग्रेस सरकार को कई बार मुश्किल में डाल चुके हैं।
भाजपा ने कांग्रेस को घेरा
लक्ष्मण सिंह के बयान पर भाजपा ने भी चुटकी ली है। पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि कांग्रेस ने अपने ही वरिष्ठ विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया है, जिससे ऐसी परिस्थितियां बन रही हैं। मंत्रिमंडल में योग्यता को दरकिनार किया गया है। लक्ष्मण सिंह, केपी सिंह व एंदल सिंह जैसे अनुभवी लोग बाहर होंगे तो ऐसी ही स्थिति बनेंगी। मुख्यमंत्री सुबह से शाम तक सरकार बचाने की जुगत में लगे हैं। सरकार की हालत खराब है।