कांग्रेस ने कहा- विधानसभा की 22 सीटें जीतकर पार्टी दोबारा सत्ता में आएगी

0
344

भोपाल। आगामी विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा-कांग्रेस जोर-शोर से आरोप-प्रत्यारोप लगाकर माहौल बना रही हैं। भाजपा तो कोरोना लॉकडाउन के बावजूद संगठन को मजबूती देने में लगी है, लेकिन कांग्रेस की हालत यह है कि अभी कई जिले खाली पड़े हैं और कई कार्यवाहक के हवाले हैं। इसके बाद भी कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व से लेकर स्थानीय नेता दावा कर रहे हैं कि 24 में से 22 सीटें जीतकर पार्टी दोबारा सत्ता में आएगी।

राज्य विधानसभा की 24 सीटों के लिए उपचुनाव

राज्य विधानसभा की 24 सीटों के लिए उपचुनाव होना है। चुनाव तारीखों का एलान लॉकडाउन के कारण नहीं हो पा रही हैं। कांग्रेस सत्ता में वापसी के लगातार दावे कर रही है तो भाजपा 22 कांग्रेसी विधायकों के एक साथ इस्तीफों से मिली सत्ता को हाथ से नहीं जाने देने की पूरी कोशिश कर रही है। मगर संगठन की दृष्टि से भाजपा, कांग्रेस से बेहद मजबूत दिखाई देती है।

भाजपा के दो दर्जन नए जिला अध्यक्ष नियुक्त, कांग्रेस संगठन का चुनाव अधर में

भाजपा ने शनिवार को दो दर्जन नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी, लेकिन कांग्रेस आधा दर्जन से ज्यादा शहर और ग्रामीण अध्यक्षों के पदों को भरने का फैसला अभी तक नहीं कर सकी है। जहां उपचुनाव, वहां भी अध्यक्ष नहीं कांग्रेस के संगठन की स्थिति यह है कि जिन जिलों में उपचुनाव होना है, वहां भी शहर या ग्रामीण अध्यक्ष ही नहीं हैं।

जिन जिलों में चुनाव होने हैं वहां कांग्रेस जिला अध्यक्ष के पद रिक्त हैं

ग्वालियर में तीन सीटों-डबरा, ग्वालियर (पूर्व) व ग्वालियर में चुनाव हैं, लेकिन ग्वालियर ग्रामीण के अध्यक्ष मदन सिंह राठौर के इस्तीफे के बाद से पद रिक्त है। अभी इसे भरने के लिए अशोक सिंह की नियुक्ति पर मुहर लगना है, लेकिन पीसीसी प्रशासन प्रभारी राजीव सिंह के मुताबिक नियुक्ति आदेश नहीं निकले हैं। इसी तरह शिवपुरी में करैरा और पोहरी सीट पर उपचुनाव हैं। यहां के जिला अध्यक्ष बैजनाथ यादव सिंधिया के साथ भाजपा में चले गए और उनकी भरपाई आज तक नहीं की गई। गुना जिले के बमोरी में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विट्ठल मीना के भाजपा में जाने के बाद से दूसरे किसी नेता की नियुक्ति नहीं हुई है। इसी तरह सागर जिले के सुरखी विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण अध्यक्ष हीरासिंह राजपूत के भाजपा में जाने के बाद भी किसी दूसरे की नियुक्ति नहीं हो सकी है।

कार्यवाहक अध्यक्षों से चल रहा काम

कांग्रेस के कुछ जिला संगठनों में कार्यवाहक अध्यक्षों से काम चल रहा है। सीहोर में विधानसभा चुनाव 2018 के दौरान मृत जिला अध्यक्ष रतन सिंह ठाकुर के बाद राहुल यादव व नईम नवाब कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में काम कर रहे हैं। रीवा में मंगू सिंह तो छतरपुर में सरमन लाल मिश्रा को कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में जिले की जिम्मेदारी सौंप रखी है।