Covid Help : कोरोना पीड़तों की मदद के लिए आगे आया जीव सेवा संस्थान

0
258

भोपाल। कोरोना संक्रमित मरीजों को अधिकांश अस्पतालों में ब्लड नहीं मिल पा रहे हैं। मरीज परेशान है इसे देखते हुए संत हिरदाराम नगर की सेवा भावी संस्था जीव सेवा संस्थान ने केटी शाहानी स्कूल को कोविड केयर सेंटर में तब्दील कर दिया है। यहां पर मरीजों की निस्वार्थ भाव से सेवा की जा रही है।

संस्थान के सचिव महेश दयारामानी ने बताया कि संत हिरदाराम नगर में कोविड मरीजों के लिए बेड की कमी को देखते हुए डॉ दुर्गेश खेमचंदानी अस्पताल के निकट केटी स्कूल को कोविड सेंटर बनाया गया है यहां सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय ट्रस्ट के सहयोग से 75 बेड की व्यवस्था की गई है। इसमें से अधिकांश भर चुके हैं। यहां उन मरीजों को रखा जा रहा है जिन्हें कोरोना के शुरुआती लक्षण है, लेकिन स्थिति गंभीर नहीं है। अस्पताल में जगह नहीं होने के कारण मरीजों को परेशान होना पड़ रहा था। यहां मरीजों को जरूरत पड़ने पर ऑक्सीजन भी उपलब्ध कराई जा रही है। हालांकि ऑक्सीजन की दिक्कत होने के कारण संस्था ने मरीजों से निजी स्तर ऑक्सीजन की व्यवस्था करने को कहा है। विधायक रामेश्वर शर्मा ने इस सेंटर में सुविधाएं बढ़ाने के लिए विधायक निधि से एक लाख रूपये देने की घोषणा भी की है

मरीजों की जा रही है सेवा भोजन भी दिया जा रहा है

संस्थान की ओर से मरीजों की निस्वार्थ भाव से सेवा की जा रही है। उनके लिए भोजन एवं पीने के पानी की व्यवस्था भी की गई है। केटी स्कूल के प्रथम तल। को कोरोना सेंटर बना दिया गया है ताकि यहां दूसरा कोई भी व्यक्ति प्रवेश न कर सके। यह स्कूल खेमचंदानी अस्पताल के निकट है इसलिए मरीजों को काफी सुविधा हो गई है। यहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कई कार्यकर्ता भी सेवा में जुटे हैं। सेवा सदन का नर्सिंग स्टाफ मरीजों की सेवा कर रहा है। कूलर भी लगाए गए हैं। उल्लेखनीय है कि जीव सेवा संस्थान ने विपदा के समय हमेशा आगे आकर सेवा की है। भूकंप पीड़ितों की मदद का मामला हो या कोई भी प्राकृतिक विपदा हो संस्थान ने मानव सेवा के प्रतीक संत हिरदाराम जी की प्रेरणा से हमेशा सेवा कार्य किए हैं संस्थान से जुड़े प्रमुख समाजसेवी हीरो ज्ञानचंदानी का कहना है कि हमें सेवा का अवसर मिला है यह सौभाग्य की बात है।संत जी हमेशा कहते थे कि पीड़ित मानवता की सेवा करना चाहिए। संत हिरदाराम जी के उत्तराधिकारी संत सिद्ध भाऊ भी हमेशा सेवा की प्रेरणा देते हैं उनकी प्रेरणा से ही लगातार सेवा कार्य किए जाएंगे।