नई दिल्ली। दीपिका पादुकोण और कार्तिक आर्यन के बीच अच्छी रिलेशनशिप है। दोनों को एक-दो बार एक-दूसरे के साथ मस्ती-मज़ाक करते देखा गया है। अभी लॉकडाउन की वजह से फ़िल्मों की शूटिंग बंद हैं। सेलेब्रिटीज़ अपने-अपने घरों में बंद हैं और सोशल मीडिया के ज़रिए पुरानी यादों से फैंस को रू-ब-रू करवा रहे हैं। दीपिका ने कान फ़िल्म समारोह के दौरान ड्रेसिंग रूम का अपना एक वीडियो पोस्ट किया, जिस पर लिखा कैप्शन पढ़कर कार्तिक आर्यन की अंग्रेज़ी जवाब दे गयी। आख़िरी दीपिका को कार्तिक की मदद करनी पड़ी।
दीपिका इस वीडियो में संगीत पर मस्तीभरे अंदाज़ में थिरक रही हैं। वीडियो के साथ दीपिका ने लिखा- Green Room Shenanigans… यानि ग्रीन रूप की मस्तियां या शरारतें। इस वीडियो को क़रीब 40 लाख लाइक्स मिल चुके हैं। मगर, कार्तिक का ध्यान अंग्रेज़ी के शिनानिगंज़ शब्द पर गया। उनकी समझ में नहीं आया, क्या लिखा है।
कार्तिक ने अपनी उत्सुकता को दबाकर नहीं रखा और पब्लिक प्लेटफॉर्म पर ही इसका मतबल पूछ लिया। तब दीपिका ने कार्तिक को समझाते हुए लिखा- बेवकूफ़ाना या मस्ती भरा अंदाज़, शरारत (जैसे कि ज़्यादातर तुम होते हो)। दीपिका और कार्तिक के इस संवाद का फॉलोअर्स ने भी लुत्फ़ उठाया।
यह पहली बार नहीं है, जब दीपिका और कार्तिक की मस्ती खुलेआम नज़र आयी है। अपनी फ़िल्म पति पत्नी और वो के प्रमोशन के दौरान कार्तिक ने दीपिका से अपनी फ़िल्म धीमे धीमे गाने के स्टेप मुंबई एयरपोर्ट पर करवाये थे। यह तस्वीरें और वीडियो भी ख़ूब वायरल हुए थे।
कार्तिक आर्यन भूल भुलैया के सीक्वल में नज़र आएंगे। वहीं दीपिका की अगली फ़िल्म 83 है, जिसमें वो रणवीर सिंह के साथ हैं। दीपिका का इस फ़िल्म में कैमियो है। फ़िल्म अप्रैल में रिलीज़ होने वाली थी, मगर कोरोना वायरस पैनडेमिक में लॉकडाउन की चलते पोस्टपोन कर दी गयी है।