नई दिल्ली : सिनेमाघरों में मलंग के लिए दर्शकों की तादाद अब घटने लगी है। रिलीज़ के दूसरे सोमवार को फ़िल्म के कलेक्शंस रविवार के मुकाबले आधे रह गये। हालांकि शुरुआती रफ़्तार की वजह से मलंग आज (मंगलवार) को 50 करोड़ का अहम पड़ाव पार कर लेगी।
सोमवार (17 फरवरी) को मलंग ने 1.53 करोड़ का कलेक्शन किया, जिसके साथ फ़िल्म का 11 दिनों का कलेक्शन अब 49.20 करोड़ हो गया है। 50 करोड़ तक पहुंचने के लिए इसे 80 लाख रुपये की ज़रूरत है, जो आज मिल जाएगा। दूसरे वीकेंड में मलंग के कलेक्शंस काफ़ी कम हुए हैं। शुक्रवार (14 फरवरी) को 2.25 करोड़ के साथ मलंग ने दूसरे हफ़्ते में एंट्री ली थी। शनिवार को फ़िल्म ने 2.52 करोड़ जमा किये, जबकि रविवार को कलेक्शंस में कुछ बढ़ोत्तरी हुई और 3.25 करोड़ इकट्ठा कर लिये थे।
146 लोग इस बारे में बात कर रहे हैं
पहले हफ़्ते में मंलग की कमाई की रफ़्तार देखें तो 7 फरवरी को रिलीज़ हुई फ़िल्म ने पहले शुक्रवार को 6.71 करोड़ की ओपनिंग ली थी। दूसरे दिन शनिवार को मलंग के कलेक्शंस में उछाल आया और 8.89 करोड़ जमा कर लिये, जबकि तीसरे दिन रविवार को कलेक्शन 9.76 करोड़ रहा था। इस तरह ओपनिंग वीकेंड में मलंग ने 25.36 करोड़ का ठीकठाक कलेक्शन कर लिया था।
पहले सोमवार को फ़िल्म ने 4.04 करोड़, मंगलवार को 3.80 करोड़, बुधवार को 3.25 करोड़ और गुरुवार को 3.20 करोड़ का कलेक्शन किया था, जिसके साथ पहले हफ़्ते की कमाई 39.65 करोड़ हो गयी थी।
तीसरे हफ़्ते में मलंग के सामने आयुष्मान खुराना की शुभ मंगल ज़्यादा सावधान और विक्की कौशल की भूत पार्ट वन हांटेड शिप होंगी। इन फ़िल्मों की रिलीज़ से मलंग के कलेक्शंस प्रभावित होंगे। दूसरे हफ़्ते में मलंग को कार्तिक आर्यन और सारा अली ख़ान की फ़िल्म लव आज कल से टक्कर मिल रही है। हालांकि मलंग के लिए अच्छी बात यह है कि लव आज कल भी उम्मीदों के मुताबिक पकड़ नहीं बना सकी है।
मोहित सूरी निर्देशिक मलंग एक्शन थ्रिलर फ़िल्म है, जिसके सभी मुख्य किरदार ग्रे शेड लिये हैं। आदित्य और दिशा के अलावा अनिल कपूर और कुणाल खेमू अहम भूमिकाओं में हैं। आदित्य और दिशा पहली बार पर्दे पर साथ आये हैं। मोहित इससे पहले आदित्य के साथ आशिक़ी 2 जैसी कामयाब फ़िल्म दे चुके हैं। मलंग को समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली।