नई दिल्ली : आदित्य रॉय कपूर और दिशा पाटनी की फ़िल्म मलंग ने सिनेमाघरों में एक हफ़्ता पूरा कर लिया है। पहले हफ़्ते में मलंग की रफ़्तार सधी हुई रही। कलेक्शंस में बहुत अधिक गिरावट नहीं देखी गयी, जिसके चलते फ़िल्म ने सात दिनों में लगभग 40 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है।
7 फरवरी को रिलीज़ हुई मलंग ने गुरुवार को लगभग 3 करोड़ का कलेक्शन किया है। यह ट्रेड सूत्रों का अनुमान है। आधिकारिक आंकड़ा बदल सकता है। अगर 2020 में अब तक रिलीज़ हुई फ़िल्मों के पहले हफ़्ते के कलेक्शंस देखें तो टॉप 5 में मलंग तीसरे स्थान पर है। पहले स्थान पर तानाजी है, जो अभी भी सिनेमाघरों में कलेक्शन कर रही है। दूसरे स्थान पर वरुण धवन और श्रद्धा कपूर की फ़िल्म स्ट्रीट डांसर 3डी है।
पहले हफ़्ते में मलंग का सफ़र बहुत शानदार नहीं रहा है, मगर स्थिर रहा है। अगर पहले हफ़्ते में फ़िल्म के दिनवार कलेक्शंस देखें तो मलंग ने पहले शुक्रवार को 6.71 करोड़ की ओपनिंग ली थी। दूसरे दिन शनिवार को मलंग के कलेक्शंस में उछाल आया और 8.89 करोड़ जमा कर लिये, जबकि तीसरे दिन रविवार को कलेक्शन 9.76 करोड़ रहा था। इस तरह ओपनिंग वीकेंड में मलंग ने 25.36 करोड़ का ठीकठाक कलेक्शन कर लिया था। सोमवार को फ़िल्म ने 4.04 करोड़, मंगलवार को 3.80 करोड़ और बुधवार को 3.25 करोड़ जमा किये थे।
मलंग की बॉक्स ऑफ़िस रफ़्तार सैफ़ अली ख़ान की जवानी जानेमन से बेहतर रही, जिसने पहले हफ़्ते में सिर्फ़ 20.21 करोड़ का कलेक्शन किया था। मलंग ने दोगुना कलेक्शन किया है। जवानी जानेमन 31 जनवरी को रिलीज़ हुई थी। पहले हफ़्ते में सैफ़ से टकराने के बाद मलंग दूसरे हफ़्ते में सैफ़ की बेटी से टक्कर लेगी। लव आज कल आज से सिनेमाघरों में पहुंच गयी है। सारा अली ख़ान और कार्तिक आर्यन ने लीड रोल निभाये हैं।
मोहित सूरी निर्देशिक मलंग एक्शन थ्रिलर फ़िल्म है, जिसके सभी मुख्य किरदार ग्रे शेड लिये हैं। फ़िल्म को समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली। आदित्य और दिशा के अलावा अनिल कपूर और कुणाल खेमू अहम भूमिकाओं में हैं। आदित्य और दिशा पहली बार पर्दे पर साथ आये हैं। मोहित इससे पहले आदित्य के साथ आशिक़ी 2 जैसी कामयाब फ़िल्म दे चुके हैं।