एमएलसी उमेश द्विवेदी और शिक्षक महासभा के अजय सिंह अपने साथियों के साथ भाजपा में शामिल

0
78

लखनऊ । विधान परिषद में भारतीय जनता पार्टी (BJP) अपनी ताकत बढ़ाने में जुट गई है। लखनऊ स्नातक एवं शिक्षक क्षेत्र से निर्वाचित एमएलसी उमेश द्विवेदी और शिक्षक महासभा के अजय सिंह ने अपने साथियों साथ भाजपा में शामिल हो गए हैं। लखनऊ में बुधवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में एमएलसी उमेश द्विवेदी, अजय सिंह व अन्य को प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने सदस्यता ग्रहण कराई।

भाजपा की सदस्यता लेने के बाद उमेश द्विवेदी ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होता है। मैं भाजपा के लिए काम करूंगा और पार्टी जो काम देगी उसे पूरी जिम्मेदारी से निभाऊंगा। वित्तविहीन शिक्षकों के लिए सरकार की अच्छी सोच है। इसलिए भाजपा के हर कदम के साथ उत्तर प्रदेश का वित्तविहीन शिक्षक खड़ा मिलेगा।

बता दें कि उमेश द्विवेदी का कार्यकाल छह मई 2020 को खत्म हो रहा है। उत्तर प्रदेश में वित्तविहीन शिक्षकों की बड़ी संख्या है। ऐसे में भाजपा को उम्मीद है कि दोनों को अपने पाले में लाकर वह वित्तविहीन शिक्षकों का समर्थन जुटा सकती है। उमेश द्विवेदी ने बताया कि भाजपा से उनकी व संजय कुमार मिश्रा दोनों की बातचीत हुई थी। अगला चुनाव वह भाजपा के समर्थन से लड़ेंगे। उनके संगठन से करीब साढ़े तीन लाख शिक्षक जुड़े हुए हैं और इसका फायदा वह भाजपा को दिलाएंगे।