मुरलीधर राव ने कहा, काम ऐसा करें कि 50 साल तक भाजपा राज कायम रहे

0
92

भोपाल। भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए विचारधारा ही प्राण है। यदि विचारधारा नहीं है तो हम भी नहीं हैं। हमारी विचारधारा को बदनाम करने के लिए कांग्रेस के लोग षड्यंत्र करते हैं। हमारी लड़ाई अपनी विचारधारा को बचाने की है। भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को यह लक्ष्य बनाना है कि अगले 50 सालों तक भाजपा राज कायम रहे। पंचायत से संसद तक जीत हो। हमें प्रत्येक बूथ, मंडल और विधानसभा में 51 प्रतिशत वोट चाहिए और इसके लिए अभी से जुटना है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने यह बात प्रदेश कार्यसमिति के समापन सत्र में कही। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमारी सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए है। कार्यकर्ता मतदान केंद्रों पर जाकर लोगों को पार्टी से जोड़ें। जब सत्ता और संगठन मिलकर काम करते हैं तो अद्भुत परिणाम आते हैं।

सरकार, संगठन, समाज, प्रशासन सबने मिलकर काम किया तो टीकाकरण को अभियान बना दिया। हम पर संविधान बदलने का आरोप लगाया जाता है, पर सबसे पहले संविधान दिवस प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मनाया। संविधान का अपमान तो तब हुआ था, जब आपातकाल लगाया गया था। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में झूठ बोलने की स्पर्धा है। एक-दूसरे से आगे बढ़कर झूठ बोलते हैं। भाजपा ने देश की राजनीति का एजेंड बदल कर रख दिया। राहुल गांधी त्रिपुंड लगा रहे हैं। अखिलेश यादव रामराम जप रहे हैं। जो हमें पानी पी-पी के कोसते थे वे आज सड़कों पर रामधुन गा रहे हैं। कमलनाथ हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभीकभी कार्यकर्ता को संगठन से नाराजगी भी हो जाती है। राजनीति में कई बार अस्थिरता आती है, पर आप सकारात्मक रहें। मन प्रसन्न् रखें। भाग्य से ज्यादा कभी कुछ नहीं मिलता। काम किए जाओ और आनंद लिए जाओ। धैर्य रखो। एक बार टिकट नहीं मिला, तो पांच साल जाते देर नहीं लगती है।

किसानों की हालत सुधारने के लिए लाए थे कृषि कानून : नरेंद्र सिंह तोमर

केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि हमारी सरकार किसानों की हालत सुधारने के लिए कृषि कानून लाई थी। हम नहीं चाहते थे कि जब हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं तब ऐसा कोई ऐसा कानून बने, जिसका विरोध हो रहा हो। यही वजह है कि तीनों कानूनों को वापस लिया गया है।

एक परिवार ने सिर्फ अपने उद्देश्य के लिए राजनीति की : ज्योतिरादित्य सिंधिया

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भाजपा ने कभी भी अपने स्वार्थों एवं उद्देश्यों की पूर्ति के लिए राजनीति नहीं की है, लेकिन देश में एक परिवार ऐसा भी है, जो सिर्फ अपने उद्देश्यों के लिए ही राजनीति में है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज देश को दुनिया के नक्शे पर पहचान दिलाई है। यह काम आजादी के बाद से अब तक कोई भी नहीं कर सका है।

पार्टी में घुल-मिल गए सिंधिया : विजयवर्गीय : पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने देशभर में कोविड टीकाकरण के उपलब्धि पर धन्यवाद दिया। सिंधिया के धारा प्रवाह भाषण पर उन्होंने कहा कि ये तो भाजपा में घुल-मिल गए हैं। पार्टी में आए हुए कुछ ही समय हुआ है, पर संगठन की कार्यप्रणाली को ऐसे समझ गए हैं, जैसे पुराने कार्यकर्ता हों।

कार्यसमिति में रखे गए कई प्रस्ताव

मध्य प्रदेश कार्यसमिति में राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया गया। इसके प्रस्तावक प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत रहे एवं समर्थन प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने किया। इसी तरह टीकाकरण धन्यवाद प्रस्ताव प्रदेश महामंत्री शरदेन्दु तिवारी ने पेश किया, जिसका समर्थन प्रदेश उपाध्यक्ष कान्तदेव सिंह ने किया। बैठक में राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस का प्रस्ताव अजजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कलसिंह भाबर ने रखा, जिसे प्रदेश मंत्री जयदीप पटेल ने समर्थन दिया। इसी प्रकार कार्यालय मंत्री राघवेंद्र शर्मा ने दिवंगत नेताओं के प्रति शोक प्रस्ताव का वाचन किया तो प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने जन्म शताब्दी वर्ष के आगामी कार्यक्रमों एवं विस्तारक योजना पर अपनी बात रखी। बैठक में प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद ने प्रशिक्षण को लेकर विस्तार से चर्चा की। कार्यसमिति में मंच संचालन प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार ने किया। बैठक का आभार प्रदेश महामंत्री हरिशंकर खटीक ने किया।