भोपाल. राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के प्रदेशाध्यक्ष राहुल राज ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राहुल राज ने भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदेशाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार वीएम सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सरदार वीएम सिंह ने बिना किसी से चर्चा किए किसान आंदोलन को कमजोर करने का काम किया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पर लगाए गंभीर आरोप
किसान नेता राहुल राज ने राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार वीएम सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि अब जब किसान आंदोलन निर्णायक मोड़ पर है ऐसे में किसान आंदोलन से राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन का आंदोलन वापस लेना एक दुर्भाग्यपूर्ण निर्णय है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि वीएम सिंह ने स्वयं के हितों को ध्यान में रखते हुए बिना किसी से चर्चा किए ही किसान आंदोलन से समर्थन का फैसला वापस लिया है। उन्होंने आगे कहा कि वो ऐसे लोगों के साथ आगे काम नहीं करना चाहते हैं जिनके लिए स्वहित किसान के हितों से ज्यादा महत्वपूर्ण है। राहुल राज ने प्रदेशाध्यक्ष के पद से इस्तीफा देने का ऐलान करते हुए कहा कि वो और उनकी पूरी अब संयुक्त किसान मोर्चा के सिपाही के तौर पर काम करेगी।
18 फरवरी को विदिशा में रोकेंगे रेल- राहुल राज
संयुक्त किसान मोर्चा के देशभर में 18 फरवरी को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक ट्रैक रोको अभियान का समर्थन करते हुए किसान नेता राहुल राज ने कहा कि मध्यप्रदेश में भी ये ट्रैक रोको आंदोलन किया जाएगा। वो खुद विदिशा में आंदोलन में शामिल होंगे।
कृषि मंत्री पर निशाना, कांग्रेस को नसीहत
प्रदेशाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के साथ ही किसान नेता राहुल राज ने प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान कृषि मंत्री कमल पटेल ने किसानों के लिए दलाल, देशद्रोह जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया। वो कृषि मंत्री को सद्बुद्धि मिले इसके लिए 15 फरवरी को उपवास रखेंगे और सद्भुद्धि की प्रार्थना करेंगे। वहीं राहुल राज ने कांग्रेस पार्टी को नसीहत देते हुए कहा है कि कुछ कांग्रेस नेताओं ने किसानों के आंदोलन को लेकर हल्की बयानबाजी की थी जो कि बंद होनी चाहिए। वरना किसान कांग्रेस के खिलाफ हो जाएंगे और इसके परिणाम कांग्रेस के लिए अच्छे नहीं होंगे।